रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में रविवार को UGC के विरोध में सवर्ण मोर्चा संगठन से जुड़े ब्राह्मण और ठाकुर समाज के लोगों ने बड़ा प्रदर्शन किया।
दोपहर करीब 12 बजे 300 से ज्यादा प्रदर्शनकारी वीमेन पावर लाइन चौराहे पर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने UGC रोलबैक की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की और अपने हाथों में अलग-अलग संदेश लिखी तख्तियां लेकर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों के हाथों में संवैधानिक अछूत’ लिखी तख्तियां भी दिखाई दीं। करीब आधे घंटे तक वीमेन पावर लाइन चौराहे पर प्रदर्शन और नारेबाजी करने के बाद प्रदर्शनकारी बैकुंठ धाम श्मशान घाट की ओर बढ़ गए। प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी उनके साथ चलता रहा।
सवर्ण सांसद-विधायकों की निकाली सांकेतिक अर्थी
प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सवर्ण समाज के सांसदों और विधायकों की सांकेतिक अर्थी भी निकाली। इसे लेकर प्रदर्शनकारियों ने सरकार और सवर्ण समाज के नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान **‘मुर्दा है भई, मुर्दा है, नेता हमारा मुर्दा है’** जैसे नारे लगाए गए।
संगठन की ओर से UGC के प्रावधानों को लेकर नाराजगी जताई गई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इन प्रावधानों से सवर्ण छात्रों के हित प्रभावित हो सकते हैं। इसी को लेकर संगठन की ओर से UGC के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया।
बैकुंठ धाम की ओर बढ़ा प्रदर्शन
वीमेन पावर लाइन चौराहे पर करीब 30 मिनट तक प्रदर्शन करने के बाद प्रदर्शनकारी जुलूस के रूप में बैकुंठ धाम श्मशान घाट की ओर रवाना हुए। उनके हाथों में तख्तियां और सांकेतिक अर्थी थी। इस दौरान सड़क पर पुलिस की मौजूदगी बनी रही और पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों के साथ चलते नजर आए।
सवर्ण मोर्चा के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। संगठन की ओर से UGC के विरोध को आगे भी जारी रखने की बात कही गई है। प्रदर्शनकारियों ने UGC के प्रावधानों को वापस लेने की मांग उठाई और इसे लेकर आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।
