रिपोर्ट- प्रिया बाजपेई शुक्ला
लखनऊ। राजधानी में स्वाइन फ्लू (H1N1) का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को चार नए मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें दो मरीज एसजीपीजीआई और दो मरीज डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में मिले हैं। चारों मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी की हालत स्थिर है।
लखनऊ में इससे पहले बलरामपुर अस्पताल में स्वाइन फ्लू के तीन पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। इनमें इंदिरानगर निवासी 50 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसे इस सीजन में स्वाइन फ्लू से राजधानी में पहली मौत बताया जा रहा है।
अस्पतालों में बेड और दवाओं की व्यवस्था
लखनऊ के सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के मुताबिक, सोमवार को सामने आए चार नए मरीजों में तीन पुरुष और एक महिला शामिल हैं। सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी जिला स्तरीय अस्पतालों में स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए बेड रिजर्व किए गए हैं। साथ ही दवाओं का पर्याप्त स्टॉक भी उपलब्ध है।
संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए डेडिकेटेड मेडिकल टीम तैनात की गई है। बलरामपुर अस्पताल में स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए विशेष ब्लॉक भी बनाया गया है।
25 अगस्त को भर्ती हुई थी महिला
50 वर्षीय महिला को सर्दी-जुकाम, तेज बुखार और सांस लेने में परेशानी के बाद 25 अगस्त को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बाद में परिजनों ने अस्पताल प्रशासन को निजी पैथोलॉजी की स्वाइन फ्लू पॉजिटिव रिपोर्ट दिखाई।
रिपोर्ट सामने आने के बाद महिला के संपर्क में आए डॉक्टरों, कर्मचारियों और मरीजों की जांच शुरू की गई। इलाज में शामिल डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों के सैंपल जांच के लिए केजीएमयू भेजे गए थे। एहतियात के तौर पर संबंधित स्टाफ को आइसोलेशन में भी रखा गया था।
