Homeउत्तर प्रदेशLU में पेपर लीक और छात्रा से चैट मामला, असिस्टेंट प्रोफेसर गिरफ्तार

LU में पेपर लीक और छात्रा से चैट मामला, असिस्टेंट प्रोफेसर गिरफ्तार

लखनऊ विश्वविद्यालय में बीएससी छात्रा से कथित आपत्तिजनक बातचीत और पेपर लीक मामले में आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की जांच तेज करते हुए पुलिस ने जूलॉजी विभाग स्थित उसके चैंबर को सील कर दिया है। साथ ही वहां से मिले लैपटॉप, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या वास्तव में परीक्षा का पेपर लीक किया गया था। जांच के लिए आरोपी के डिजिटल उपकरणों की फोरेंसिक पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पीड़ित छात्रा को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है और जल्द ही उसका बयान लिया जाएगा।

डॉ. परमजीत सिंह मूल रूप से बिजनौर के रतनपुर खुर्द गांव का रहने वाला है। वह शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। गांव के लोगों का कहना है कि उसका व्यवहार सामान्य था और वह लंबे समय से परिवार के साथ लखनऊ में रह रहा था। करीब 20 दिन पहले वह एक रिश्तेदारी में शामिल होने गांव गया था।

जानकारी के मुताबिक, डॉ. परमजीत की नियुक्ति वर्ष 2022-23 में लखनऊ विश्वविद्यालय में हुई थी। उसने रुहेलखंड विश्वविद्यालय से एमएससी की पढ़ाई की थी और 2019 से 2021 तक सीएसआईटी आईआईटीआर लखनऊ में रिसर्च एसोसिएट भी रह चुका है।

मामले में वायरल ऑडियो सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया था। आरोप है कि प्रोफेसर ने छात्रा पर मिलने का दबाव बनाते हुए कहा था कि उसने उसके लिए दोनों पेपर आउट करवा दिए हैं। बातचीत में उसने छात्रा को एमएससी, पीएचडी और विदेश तक पढ़ाई में मदद का लालच भी दिया था।

इस बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच के लिए इंटरनल कंप्लेन कमेटी गठित की है। समिति की रिपोर्ट पर सोमवार को कार्यपरिषद में फैसला लिया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर के आधार पर पुलिस पेपर लीक और अन्य आरोपों की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी वर्ष 2019 में विश्वविद्यालय के लॉ विभाग से जुड़ा ऐसा ही मामला सामने आया था, जब एक छात्रा और शिक्षकों की कथित ऑडियो बातचीत वायरल हुई थी। उस मामले की जांच STF ने की थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular