University of Lucknow में ड्रेस कोड लागू किए जाने के विरोध में छात्रों ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने भवन चौराहे पर धरना देते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सड़क पर लेटकर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने “विश्वविद्यालय प्रशासन मुर्दाबाद” और “ड्रेस कोड नहीं, एजुकेशन अपग्रेड चाहिए” जैसे नारे लगाए। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को सड़क से हटाया।
छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन नियमों के नाम पर उनका उत्पीड़न कर रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ड्रेस कोड जैसे फैसले छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं हैं, बल्कि इससे अनावश्यक दबाव बढ़ रहा है।

छात्र अमितेश पाल ने कहा कि स्कूल स्तर तक ड्रेस कोड समझ में आता है, लेकिन विश्वविद्यालय में इसे लागू करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा, “अगर समानता लानी है तो शिक्षा व्यवस्था में लाएं। यूनिवर्सिटी में ड्रेस कोड थोपना सही नहीं है।”
छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि Anandiben Patel की ओर से विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में ड्रेस कोड लागू करने का फैसला मनमाने तरीके से लिया गया है। विरोध कर रहे छात्रों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा।
