Homeउत्तर प्रदेशUPSC परीक्षा के बाद युवक ने गोमती में लगाई छलांग, मां का...

UPSC परीक्षा के बाद युवक ने गोमती में लगाई छलांग, मां का रो-रोकर बुरा हाल

लखनऊ में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। सरकारी इंटर कॉलेज की वाइस प्रिंसिपल के बेटे ने गोमती नदी में छलांग लगा दी। युवक की पहचान प्रखर पाल के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम उसकी तलाश में जुटी है, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

प्रखर की मां सुष्मलता राजकीय हुसैनाबाद इंटर कॉलेज में वाइस प्रिंसिपल के पद पर तैनात हैं। बेटे के नदी में कूदने की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचीं। घाट पर उनका रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने बताया कि प्रखर रविवार को UPSC की परीक्षा देने गया था और पेपर खराब होने की बात कह रहा था।

मां ने बताया, “मैंने उसे समझाया था कि कोई बात नहीं बेटा, अगला पेपर अच्छे से देना, लेकिन इसके बाद उससे बात नहीं हो सकी।” प्रखर के पिता विष्णु गोपाल पाल का कुछ साल पहले निधन हो चुका है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोमवार सुबह पक्के पुल पर एक एक्टिवा स्कूटी खड़ी मिली थी। कुछ देर बाद लोगों ने एक युवक को गोमती नदी में छलांग लगाते देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही Uttar Pradesh Police की चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। पुलिस का कहना है कि युवक की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular