मदर्स डे के अवसर पर “मातृका महोत्सव 2026” का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं के सम्मान, प्रतिभा और सशक्तिकरण की शानदार झलक देखने को मिली। अदीरा पिंक इज पावरफुल, इशाया एवं आयरस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली माताओं और महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक गणेश वंदना से हुई, जिसने पूरे माहौल को आध्यात्मिक और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि माँ केवल एक रिश्ता नहीं, बल्कि परिवार और समाज की सबसे बड़ी शक्ति होती है। उन्होंने कहा कि ऐसी माताओं का सम्मान भारतीय संस्कृति और मूल्यों का सम्मान है। उन्होंने आगे कहा कि मातृका महोत्सव जैसी पहलें समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में विशिष्ट महिलाओं को सम्मानित किया गया। स्प्रिचुअल गुरु सोहानी पांडेय को “डिवाइन मदर अवॉर्ड”, वर्षा वर्मा को “टाइमलेस मदर अवॉर्ड”, रेनिता एस कपूर को “ग्लैमरस मदर अवॉर्ड” और आद्या श्रीवास्तव को “करिश्मैटिक मदर अवॉर्ड” प्रदान किया गया।
इसके अलावा विशिष्ट अतिथि डॉ. विवेक कुमार सक्सेना को उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं समीर श्रीवास्तव, प्रियंका दीक्षित, प्रेरणा मित्रा, तान्या भटनागर और रेखा कुमार को भी सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का आकर्षण रैंप वॉक प्रस्तुतियाँ रहीं। “सखी” द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक परिधानों की झलक ने भारतीय संस्कृति और महिला सौंदर्य को मंच पर जीवंत कर दिया। इसके साथ ही रूपाली श्रीवास्तव के पॉवर एंड प्राइड क्लब की ओर से प्रस्तुत रैंप वॉक ने महिलाओं के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व की प्रभावशाली झलक दिखाई।
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण वह रहा जब एसिड अटैक सर्वाइवर्स ने रैंप वॉक के माध्यम से अपनी हिम्मत, आत्मविश्वास और जीवन के प्रति सकारात्मक सोच का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुति ने सभी को भावुक कर दिया।
उड़ान डांस एकेडमी के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
अदीरा पिंक इज पावरफुल की संस्थापिका रितिका चौधरी ने कहा कि मातृका महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उन महिलाओं और माताओं को सम्मान देने का प्रयास है जो अपने संघर्ष, प्रेम और समर्पण से समाज को मजबूत बनाती हैं। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं को मंच प्रदान करना और उनकी प्रेरणादायी कहानियों को समाज तक पहुँचाना है।
कार्यक्रम में उपस्थित डजेन हैंड्स मीडिया के सीएमडी राहुल वर्मा ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल बताया। इस अवसर पर इशाया की अनुमेहा सिंघल, विनीता तथा आयरस के धर्मेंद्र सिंह और दीपिका सिंह भी मौजूद रहे।लखनऊ में “मातृका महोत्सव 2026” का भव्य आयोजन, मातृत्व और महिला सशक्तिकरण को मिला सम्मान
