उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा प्रमुख मायावती ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी को लेकर चिंता जताई है।
मायावती ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि देश में कमर्शियल सिलेंडर की किल्लत के बीच इसकी कीमत में एकमुश्त 993 रुपये की वृद्धि की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ना तय है और लोगों में बेचैनी बढ़ रही है।
उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले समय में रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल समेत अन्य पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में भी इजाफा हो सकता है। मायावती ने कहा कि इसके पीछे चाहे अंतरराष्ट्रीय कारण हों, जैसे अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच संभावित तनाव, लेकिन सरकार को हर हाल में जनहित को प्राथमिकता देनी चाहिए।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने सरकार की उस नीति का भी जिक्र किया, जिसमें चुनाव के दौरान पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों को नियंत्रित रखा गया था। उन्होंने मांग की कि मौजूदा समय में भी जनहित को ध्यान में रखते हुए इस नीति को जारी रखा जाए।
मायावती के अनुसार नई दरें लागू होने के बाद दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत तीन हजार रुपये के पार पहुंच सकती है, जिससे पहले से महंगाई की मार झेल रहे गरीब और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
उन्होंने सरकार से अपील की कि कीमतों में बढ़ोतरी से पहले उसके व्यापक प्रभाव का गंभीरता से आकलन किया जाए और उसी के अनुरूप नीतियां बनाई जाएं।
