पूर्व भारतीय कप्तान Mahendra Singh Dhoni रविवार को चेन्नई स्थित नेशनल सिक्योरिटी गार्ड्स (NSG) के रीजनल हब पहुंचे। यहां उन्होंने कमांडोज के साथ समय बिताया और सब-मशीनगन व पिस्टल से निशाना लगाया। धोनी ने जवानों और उनके परिवारों से मुलाकात कर उनके साथ भोजन भी किया।
करीब 44 वर्षीय धोनी ने कमांडोज से बातचीत के दौरान मजाकिया अंदाज में पूछा, “फिट लग रहा हूं न?” इस पर जवानों ने कहा कि पिछली बार के मुकाबले अब थोड़ा फर्क है। जवाब में धोनी ने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ फिट रहने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है।
धोनी इससे पहले भी साल 2023 में NSG कैंप का दौरा कर चुके हैं। उनका सेना और सुरक्षाबलों से खास जुड़ाव रहा है। वे टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक रखते हैं और पैराशूट रेजीमेंट की 106 पैरा टेरिटोरियल आर्मी बटालियन का हिस्सा हैं।
धोनी ने 2015 में आगरा में पांच अनिवार्य पैराशूट जंप पूरी कर क्वालिफाइड पैराट्रूपर का दर्जा हासिल किया था। साल 2019 में वर्ल्ड कप के बाद उन्होंने जम्मू-कश्मीर में सेना के साथ दो सप्ताह तक ट्रेनिंग भी की थी।
वहीं IPL 2026 में धोनी चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं, लेकिन पिंडली की चोट के कारण अब तक मैदान पर नहीं उतर सके हैं। रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से होना है और फैंस को उम्मीद है कि धोनी इस मैच में वापसी कर सकते हैं।
