उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने सपा में अंदरूनी कलह का दावा करते हुए कहा कि पूर्वांचल में पार्टी का यादव वोट बैंक खिसक रहा है। राजभर ने यहां तक दावा किया कि आने वाले चुनाव में सपा को हर सीट पर बागी उम्मीदवारों का सामना करना पड़ सकता है।
ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि अखिलेश एक तरफ मंदिर जाने की तैयारी कर रहे हैं, जबकि दूसरी तरफ पूर्वांचल में सपा के भीतर बगावत शुरू हो गई है। राजभर ने दावा किया कि सपा के ही एक नेता की रिपोर्ट में पूर्वांचल में पार्टी का 18 प्रतिशत यादव वोट खिसकने की बात सामने आई है।
सैफई परिवार की लड़ाई को बताया महाभारत
राजभर ने सैफई परिवार में कथित वर्चस्व की लड़ाई को महाभारत बताते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने पार्टी के भीतर भतीजावादी और चच्चावादी गुट आमने-सामने होने का दावा किया। उनके मुताबिक, चाचा के समर्थक अखिलेश का पुतला फूंक रहे हैं। साथ ही बाहुबलियों और धनबलियों के साथ राजनीतिक बातचीत के लिए वीडियो कॉल के जरिए चाचा से संपर्क करा रहे हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब पार्टी के भीतर यह संदेश दिया जा रहा है कि भइया से अच्छे चाचा जी हैं।
अखिलेश को चाचा के सामने झुकने की दी सलाह
सुभासपा प्रमुख ने अखिलेश यादव को राजधानी में बैठकर राजनीति करने के बजाय जिलों में पार्टी के भीतर चल रही कथित बगावत पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि अखिलेश को आज से ही सुबह-शाम अपने सबसे छोटे सगे चाचा को दंडवत प्रणाम करना शुरू कर देना चाहिए, ताकि उनका दिल पिघले और पुराने अपमान भुलाए जा सकें।
हर सीट पर बागी उम्मीदवार उतारने का दावा
ओमप्रकाश राजभर ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर सपा में अंदरूनी विवाद नहीं थमा तो विधानसभा चुनाव में हर सीट पर बागी उम्मीदवार खड़े होंगे। उन्होंने दावा किया कि इन उम्मीदवारों को फंडिंग भी मिलेगी और बड़े नेताओं के साथ वीडियो कॉल के जरिए राजनीतिक डीलिंग होगी। राजभर ने कहा कि ऐसी स्थिति में अखिलेश यादव देखते रह जाएंगे।
चुनाव से पहले राजभर के इस बयान ने सपा की अंदरूनी राजनीति और पूर्वांचल के यादव वोट बैंक को लेकर नई सियासी बहस छेड़ दी है।
