देशभर में साइबर फ्रॉड को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद जालसाज ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। अब कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम और उनकी आवाज का इस्तेमाल कर लोगों को ठगने की कोशिश का मामला सामने आया है।
प्रियंका गांधी के कार्यालय ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ‘स्कैम अलर्ट’ जारी कर लोगों को सावधान किया है। कार्यालय के मुताबिक, WhatsApp, Instagram और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रियंका गांधी की AI से बनाई गई फर्जी तस्वीरों और आवाज वाले वीडियो वायरल किए जा रहे हैं।
निवेश के नाम पर ठगी की कोशिश
इन फर्जी वीडियो में लोगों से पैसे निवेश करने और बदले में मुनाफा कमाने का लालच दिया जा रहा है। प्रियंका गांधी के कार्यालय ने स्पष्ट किया कि ऐसे वीडियो फर्जी हैं और साइबर ठगी का हिस्सा हैं।
लोगों से अपील की गई है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और न ही बताए गए प्लेटफॉर्म पर पैसा निवेश करें। साथ ही ऐसे पोस्ट को रिपोर्ट और ब्लॉक करने की सलाह दी गई है।
निर्मला सीतारमण के नाम से भी सामने आया था फर्जी वीडियो
महिला नेताओं के नाम और AI तकनीक का इस्तेमाल कर ठगी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले अगस्त में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम से भी ऐसा ही एक फर्जी वीडियो सामने आया था।
इस वीडियो में दावा किया गया था कि महज 22 हजार रुपये के शुरुआती निवेश से हर सप्ताह 5.5 लाख रुपये तक की कमाई की जा सकती है। PIB की फैक्ट चेक यूनिट ने जांच के बाद इसे फर्जी और AI से तैयार किया हुआ वीडियो बताया था।
PIB ने स्पष्ट किया था कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ऐसी किसी निवेश योजना या प्लेटफॉर्म का समर्थन नहीं किया है। लोगों से अपील की गई थी कि वे ऐसे फर्जी निवेश ऑफर और मुनाफे के लालच में आकर अपना पैसा न गंवाएं।
