निर्माता नमित मल्होत्रा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्: पार्ट 1’ का आधिकारिक ट्रेलर गुरुवार को दुनिया भर में रिलीज़ कर दिया गया। ट्रेलर हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम समेत पांच भारतीय भाषाओं में लॉन्च किया गया। भव्य विजुअल्स, दमदार वीएफएक्स और स्टारकास्ट की झलक ने रिलीज़ होते ही फिल्म को चर्चा में ला दिया है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के Prime Focus Studios और आठ बार ऑस्कर विजेता वीएफएक्स स्टूडियो DNEG ने किया है। फिल्म के सह-निर्माता पैन इंडिया स्टार यश हैं, जिन्होंने अपनी कंपनी Monster Mind Creations के जरिए इस प्रोजेक्ट से जुड़ाव किया है। फिल्म दिवाली 2026 पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। इसका ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन Sony Pictures और उत्तर भारत में Dharma Productions संभालेगी।
राम और रावण के महायुद्ध की झलक
ट्रेलर में भगवान राम और रावण के बीच धर्म और अधर्म की महागाथा को भव्य सिनेमाई अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आ रहे हैं। ट्रेलर में वनवास, संघर्ष और महायुद्ध की झलक दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाती है।
दमदार स्टारकास्ट
फिल्म में अरुण गोविल राजा दशरथ, लारा दत्ता कैकेयी, रवि दुबे लक्ष्मण, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा, अजिंक्य देव ऋषि विश्वामित्र और कुणाल कपूर भगवान इंद्र की भूमिका निभा रहे हैं।
संगीत और तकनीक का बड़ा मेल
फिल्म की पटकथा पुरस्कार विजेता लेखक श्रीधर राघवन ने लिखी है, जबकि संगीत की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता हंस ज़िमर और ए.आर. रहमान ने संभाली है। निर्माता नमित मल्होत्रा का कहना है कि उनका उद्देश्य भारतीय संस्कृति की इस कालजयी कथा को विश्वस्तरीय तकनीक और भव्यता के साथ वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाना है।
निर्देशक नितेश तिवारी ने कहा कि “रामायण केवल भारत की नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की ऐसी कहानी है जो मानवीय मूल्यों और धर्म के संदेश को पीढ़ियों तक जीवित रखती है। हमारी कोशिश रही है कि इसे पूरी ईमानदारी, श्रद्धा और प्रामाणिकता के साथ बड़े पर्दे पर प्रस्तुत किया जाए।”
