सैमसंग इंडिया के प्रमुख इनोवेशन एवं शिक्षा कार्यक्रम ‘Samsung Solve for Tomorrow’ के तहत आयोजित डिज़ाइन थिंकिंग वर्कशॉप में युवाओं ने सामाजिक चुनौतियों के समाधान के लिए कई अभिनव आइडिया प्रस्तुत किए। दिल्ली-एनसीआर में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों ने तकनीक आधारित ऐसे समाधान विकसित किए, जो समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
दिल्ली फार्मास्युटिकल साइंसेज एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी (DPSRU) के छात्रों ने दूर-दराज़ क्षेत्रों में तैनात सुरक्षाकर्मियों के लिए पोर्टेबल वाटर प्यूरिफिकेशन डिवाइस, PCOD से पीड़ित महिलाओं के लिए विशेष पौष्टिक स्नैक्स और महिलाओं की सुरक्षा के लिए SOS अलर्ट भेजने वाली स्मार्ट रिंग जैसे नवाचार प्रस्तुत किए।
इसके अलावा छात्रों ने बच्चों के लिए सुरक्षित और नॉन-टॉक्सिक मेकअप उत्पाद विकसित करने का विचार भी रखा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को डिजाइन थिंकिंग, समस्या समाधान और सामाजिक जरूरतों के अनुरूप तकनीकी समाधान विकसित करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
DPSRU की छात्रा गौरी शर्मा ने कहा कि वर्कशॉप ने उन्हें वास्तविक समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान विकसित करने का व्यवस्थित तरीका सिखाया। वहीं एमिटी इंटरनेशनल स्कूल के छात्र सुदर्शन कोठारी ने कहा कि इस प्रक्रिया ने समस्याओं को नए दृष्टिकोण से देखने और व्यावहारिक समाधान तैयार करने की प्रेरणा दी।
सैमसंग ने 2026 संस्करण के तहत कार्यक्रम का विस्तार करते हुए देश के 100 शहरों में डिज़ाइन थिंकिंग वर्कशॉप आयोजित करने की योजना बनाई है। कार्यक्रम के अंत में शीर्ष चार विजेता टीमों को IIT दिल्ली में 2 करोड़ रुपये का इनक्यूबेशन ग्रांट दिया जाएगा, जिससे वे अपने इनोवेशन को और बेहतर बना सकें।
14 से 22 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए आवेदन प्रक्रिया 3 जुलाई 2026 तक खुली है। यह कार्यक्रम युवाओं को अपने विचारों को वास्तविक और प्रभावशाली समाधानों में बदलने का अवसर प्रदान कर रहा है।
