Homeउत्तर प्रदेशऔरैया : सावन के दूसरे सोमवार पर देवकली धाम में उमड़ा आस्था...

औरैया : सावन के दूसरे सोमवार पर देवकली धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

रिपोर्ट- दीपक अवस्थी

औरैया। सावन के दूसरे सोमवार पर शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर बीहड़ों के बीच स्थित प्राचीन देवकली धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और दर्शन के लिए मंदिर पहुंचने लगे। मंदिर परिसर में लंबी कतारों के बीच गूंजते ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर में दर्शन व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवक भी सेवा में जुटे रहे।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा। जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पूर्व में मंदिर का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। वहीं सीसीटीवी कैमरों के जरिए मंदिर परिसर की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई।

मेले जैसा रहा माहौल

मंदिर के बाहर मेले जैसा माहौल देखने को मिला। दुकानों पर श्रद्धालुओं ने पूजन सामग्री, प्रसाद और अन्य सामान की खरीदारी की। बच्चों ने झूलों का आनंद लिया। दिनभर देवकली धाम श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular