रिपोर्ट – न्यूज डेस्क, लखनऊ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुरुवार को वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ का शुभारंभ होगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना करेंगे। कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे।
यात्रा शुरू होने से पहले सेवा यात्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगे। ललिता घाट से गंगाजल भरकर डमरू दल और शंखनाद के बीच बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी विश्वनाथ मंदिर में महारुद्राभिषेक करेंगे। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की जाएगी।
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि 17 सितंबर को पूर्वाह्न 10 बजे 51 सेवा यात्री ललिता घाट पहुंचेंगे। यहां गंगाजल भरने के बाद सभी सेवा यात्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे। प्रदेश के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर ने बताया कि काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग का पवित्र नदियों के जल से अभिषेक करने के बाद विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी और इसके पश्चात वाराणसी से वडनगर तक 22 दिवसीय बाइक यात्रा शुरू होगी।
दोपहर 12 बजे रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अतिथिगण अवलोकन करेंगे। इसके बाद सभागार में कार्यक्रम आयोजित होगा। संबोधन के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर वडनगर के लिए रवाना करेंगे।
युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ना उद्देश्य
कैबिनेट मंत्री एवं वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर की शाम पूरे प्रदेश में एक साथ प्रत्येक बूथ पर 200 दीप जलाए जाएंगे। सांसद एवं कार्यक्रम के राष्ट्रीय संयोजक वी.डी. शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प बाइक यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ना है।
भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी ने बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों से युवा सेवा यात्री इस यात्रा में शामिल होंगे। अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों की भागीदारी के माध्यम से ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।
10 राज्यों, 193 जिलों और 1,159 गांवों तक पहुंचेगी यात्रा
अशोक चौरसिया के अनुसार काशी से वडनगर और वडनगर से काशी तक चलने वाली यह यात्रा उत्तर प्रदेश के 50 जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान 88 रात्रि विश्राम स्थल और 187 पड़ाव निर्धारित किए गए हैं। काशी से 500 सेवा यात्री 10 अलग-अलग मार्गों से बाइक पर वडनगर के लिए रवाना होंगे।
दोनों दिशाओं में चलने वाली यह यात्रा कुल 10 राज्यों, 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान अलग-अलग पड़ावों को सामाजिक सरोकार और सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। आयोजकों के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं की भागीदारी के जरिए सेवा, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
