मुजफ्फरपुर नगर निगम ने श्रावणी मेला ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के बीच रील प्रतियोगिता आयोजित करने का फैसला किया है। इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं को श्रावणी मेले के दौरान डिजिटल, सुरक्षित और सुविधाजनक सेवाओं की जानकारी देना है।
प्रतियोगिता में यूट्यूबर्स, इंस्टाग्राम और फेसबुक क्रिएटर्स, व्लॉगर्स तथा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे नगर भवन (सिटी पार्क के समीप) में श्रावणी मेला ऐप का लाइव डेमो प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स से संवाद करेंगे और प्रतियोगिता की औपचारिक घोषणा करेंगे।
प्रतियोगिता के विजेताओं का चयन रील पर मिलने वाले व्यूज, लाइक्स और शेयर के आधार पर किया जाएगा। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः ₹5,000, ₹3,000 और ₹2,000 का नकद पुरस्कार, मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
