न्यूज डेस्क ,सीतापुर
सीतापुर।थाना रामपुर कलाँ क्षेत्र के पकरिया गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक साथ चार घरों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। एक घर में चोर खिड़की की ग्रिल तोड़कर दाखिल हुए और सोने-चांदी के जेवरात समेत नकदी लेकर फरार हो गए, जबकि अन्य घरों में चोरी का प्रयास विफल रहा। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

5.5 तोला सोना, चांदी और 15 हजार रुपये चोरी
पीड़ित करूणेश कुमार मिश्रा ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 11-12 अगस्त की दरमियानी रात चोर उनके मकान की खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद कमरे में रखे बक्से और अलमारी के ताले तोड़कर करीब **5.5 तोला सोने के आभूषण, 250 ग्राम चांदी के जेवर और 15 हजार रुपये नकद** चोरी कर लिए।
चोरी हुए सोने के सामान में दो चेन, दो अंगूठियां और एक जोड़ी कान के झाले शामिल हैं। वहीं चांदी के सामान में दो जोड़ी पायल और दो जोड़ी बिछिया बताई गई हैं।

CCTV में कैद हुआ संदिग्ध
पीड़ित के चाचा के मकान पर लगे CCTV कैमरे में वारदात के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति घर के आसपास चहलकदमी करता दिखाई दिया। ग्रामीणों का दावा है कि फुटेज में संदिग्ध की तस्वीर काफी स्पष्ट है।
ग्रामीणों में दहशत
एक ही रात में चार घरों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में डर का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की गश्त और कार्रवाई में देरी के चलते उन्हें रात में खुद पहरेदारी करनी पड़ रही है।फिलहाल पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी का माल बरामद करने की मांग की है।
