Homeउत्तर प्रदेशयक्ष एप की अनदेखी पर एसपी का बड़ा एक्शन, 7 थानाध्यक्षों का...

यक्ष एप की अनदेखी पर एसपी का बड़ा एक्शन, 7 थानाध्यक्षों का वेतन रोका

रिपोर्ट: शिवाकांत पाण्डेय

कुशीनगर। पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। यक्ष एप (Yaksh App) पर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप बीट रिपोर्टिंग नहीं करने वाले कई थाना प्रभारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनका वेतन रोक दिया गया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

पुलिस अधीक्षक के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद कई थाना प्रभारियों द्वारा यक्ष एप पर समयबद्ध और निर्धारित मानकों के अनुसार बीट रिपोर्टिंग नहीं की जा रही थी। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए एसपी ने संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध वेतन रोकने की कार्रवाई के आदेश जारी किए।

कार्रवाई की जद में कोतवाली पडरौना के प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश तिवारी, रविंद्रनगर धूस के थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, कुबेरस्थान के थानाध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह, कसया के थानाध्यक्ष इत्यानंद पांडेय, अहिरौली बाजार के थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्र, हनुमानगंज के थानाध्यक्ष दिग्विजय नारायण राय तथा तमकुहीराज के थानाध्यक्ष को कार्रवाई का सामना करना पड़ा है।

एसपी केशव कुमार ने स्पष्ट किया है कि विभागीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता या आदेशों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने और यक्ष एप पर नियमित एवं समयबद्ध बीट रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि भविष्य में भी यदि किसी अधिकारी द्वारा कार्यों में लापरवाही बरती गई तो उसके खिलाफ इसी प्रकार की सख्त विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी। एसपी की इस कार्रवाई को पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही और कार्य संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular