लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या को सनातन की वैश्विक राजधानी बनाने और वहां विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा एमएलसी सुभाष यदुवंश ने अखिलेश यादव के बयान को बचकाना और हास्यास्पद बताते हुए सपा के पुराने शासनकाल पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिनके शासन में कारसेवकों पर गोलियां चलवाई गईं और सरयू का पानी उनके खून से लाल हुआ, वे आज सनातन की बात कर रहे हैं।
सुभाष यदुवंश ने कहा कि अयोध्या हमेशा से सनातन की राजधानी रही है। भाजपा सरकार ने इसे विश्वस्तरीय पहचान दिलाई है। पांच सौ वर्षों के इंतजार के बाद भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है और अयोध्या में विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा के शासनकाल में रामनगरी की उपेक्षा हुई, जबकि भाजपा सरकार ने इसे विश्व मानचित्र पर स्थापित किया है।
कारसेवक गोलीकांड पर अखिलेश से मांगा जवाब
भाजपा एमएलसी ने कहा कि जिस पार्टी की सरकार में रामभक्त कारसेवकों पर गोलियां चलवाई गईं, उसके नेता आज सनातन की बात कर रहे हैं। उन्होंने रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव और सपा सांसद सनातन पांडेय के कारसेवक गोलीकांड को लेकर दिए गए बयानों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता कारसेवकों पर गोली चलाने की कार्रवाई को सही ठहराने वाले बयान दे रहे हैं, लेकिन अखिलेश यादव इस पर कुछ नहीं बोल रहे हैं।
मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि पर रुख स्पष्ट करने की चुनौती
सुभाष यदुवंश ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो वे मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि को लेकर अपना रुख स्पष्ट करें। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा वोट बैंक की राजनीति के चलते इस मुद्दे पर चुप्पी साधे रहती है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को बताना चाहिए कि वे मथुरा में भव्य मंदिर के निर्माण को लेकर क्या सोचते हैं।
सैफई परिवार पर भी साधा निशाना
भाजपा एमएलसी ने सैफई परिवार पर यदुवंशियों को केवल वोट बैंक समझने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्य सांसद, विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री बनते रहे, लेकिन समाज के दूसरे लोगों को केवल राजनीतिक आयोजनों में दरी बिछाने तक सीमित रखा गया।
सरयू में स्नान कर कारसेवकों से माफी मांगें अखिलेश
सुभाष यदुवंश ने अखिलेश यादव से कहा कि अयोध्या जाने से पहले उन्हें मां सरयू के पवित्र जल में स्नान करना चाहिए और कारसेवकों के साथ उनके परिजनों से भी माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि न मां सरयू, न कारसेवक और न ही हिंदू समाज सपा को कभी माफ करेगा।
