पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार को हुए सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक जताया और स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।
बताया गया कि एक एंबुलेंस चंडीगढ़ से शहीद सूबेदार का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रही थी। एंबुलेंस में शहीद के परिजन भी मौजूद थे। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस की एक वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में एंबुलेंस चालक समेत चार लोगों की मौत होने की सूचना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगतों के परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद
मुख्यमंत्री ने हादसे में मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही सुल्तानपुर और देवरिया के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मृतकों के परिवारों से संपर्क कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
सीएम ने प्रशासन को राहत एवं सहायता से जुड़ी कार्रवाई को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
