Homeउत्तर प्रदेशयूपी में 3572 युवाओं को नियुक्ति पत्र, सीएम योगी का ऐलान- 6...

यूपी में 3572 युवाओं को नियुक्ति पत्र, सीएम योगी का ऐलान- 6 महीने में 1 लाख नौकरियां

न्यूज डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 3572 युवाओं को सरकारी नौकरी का तोहफा मिला है। मंगलवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कृषि विभाग और मंडी परिषद में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी) के 3446 पदों और मंडी परिषद में मंडी सचिव के 126 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी गई। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

6 महीने में 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र देने जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में 9.30 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

सीएम ने दावा किया कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और आरक्षण के नियमों का पालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में हुई भर्तियों पर सवाल उठाने की कोई गुंजाइश नहीं है।

पहले भर्ती में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और नकल का बोलबाला था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में सुधार किया और परीक्षा तथा परिणाम जारी करने की समयसीमा कम की।

योगी ने कहा कि अब कई परीक्षाएं कम समय में पूरी कराई जा रही हैं। परीक्षा का उद्देश्य युवाओं को परेशान करना नहीं, बल्कि उनकी क्षमता का आकलन करना होना चाहिए।

युवाओं को रोजगार से जोड़ने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा का लाभ उत्तर प्रदेश को मिल रहा है। उन्होंने जापान और इजरायल में युवाओं को रोजगार मिलने का भी जिक्र किया। सीएम के मुताबिक, दुनिया के कई देशों में यूपी के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और सरकार रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर लगातार काम कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular