Homeउत्तर प्रदेशछात्रों के हित में बड़ा कदम: बीएसबी से संबद्ध विद्यालयों को मुख्यधारा...

छात्रों के हित में बड़ा कदम: बीएसबी से संबद्ध विद्यालयों को मुख्यधारा से जोड़ रही योगी सरकार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, तकनीक-सक्षम और छात्र केंद्रित बनाने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। इसी क्रम में भारतीय शिक्षा बोर्ड (बीएसबी), हरिद्वार से संबद्ध विद्यालयों को मुख्यधारा की शिक्षा प्रणाली से जोड़ने के लिए यू-डायस प्लस (UDISE+) कोड आवंटन और विद्यालय श्रेणी उन्नयन (स्कूल कैटेगरी अपग्रेडेशन) की प्रक्रिया को गति दी गई है।

सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश के प्रत्येक विद्यार्थी को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और तकनीक आधारित शिक्षा व्यवस्था का लाभ मिले। इसके लिए स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी द्वारा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

राष्ट्रीय शिक्षा प्रणाली से जुड़ेंगे छात्रों के शैक्षणिक रिकॉर्ड

इस पहल के माध्यम से बीएसबी से संबद्ध विद्यालयों के विद्यार्थियों के शैक्षणिक अभिलेख राष्ट्रीय शिक्षा प्रणाली से जुड़ सकेंगे। इससे विद्यार्थियों का शैक्षणिक डाटा अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध रहेगा। साथ ही नामांकन, परीक्षा, शैक्षणिक प्रगति और अन्य शैक्षिक प्रक्रियाओं का बेहतर प्रबंधन भी संभव हो सकेगा।

प्रदेश सरकार पहले से ही शिक्षा क्षेत्र में डिजिटल प्रशासन, तकनीक आधारित अनुश्रवण और डेटा प्रबंधन को मजबूत करने पर जोर दे रही है। यू-डायस प्लस जैसी डिजिटल व्यवस्था शिक्षा प्रबंधन को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

जिलों को दिए गए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी द्वारा जारी निर्देशों में मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों, जिला विद्यालय निरीक्षकों (डीआईओएस) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) को आवेदन, सत्यापन और संस्तुति की प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों से प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण कर आवश्यक अभिलेखों और आख्या के साथ शासन को भेजना होगा, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई समय पर पूरी की जा सके।

जिन विद्यालयों के पास कोड नहीं, उन्हें मिलेगा नया यू-डायस प्लस कोड

निर्देशों के अनुसार जिन विद्यालयों के पास वर्तमान में यू-डायस प्लस कोड उपलब्ध नहीं है, उन्हें नया कोड आवंटित किया जाएगा। वहीं जिन विद्यालयों के पास पहले से यू-डायस कोड मौजूद है, उनकी मान्यता के अनुरूप विद्यालय श्रेणी उन्नयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

इस कदम से विद्यालयों की प्रशासनिक और शैक्षणिक पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत होगी तथा विद्यार्थियों के रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण सुनिश्चित हो सकेगा।

बीएसबी की मांग पर शुरू हुई प्रक्रिया

भारतीय शिक्षा बोर्ड (बीएसबी), हरिद्वार द्वारा संचालित एवं संबद्ध विद्यालयों के लिए यू-डायस प्लस पोर्टल पर नवीन कोड आवंटन और कक्षा उन्नयन संबंधी अनुरोध शासन को प्राप्त हुए थे। इसके बाद शासन स्तर पर आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू की गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि विद्यालयों के यू-डायस प्लस प्रणाली से जुड़ने के बाद शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी, डाटा प्रबंधन बेहतर होगा और विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।

योगी सरकार की यह पहल शिक्षा सुधारों को संस्थागत मजबूती देने और प्रत्येक छात्र को राष्ट्रीय शिक्षा ढांचे से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular