उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) द्वारा प्रवक्ता संवर्ग भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन 09 और 10 मई को किया जाएगा। 18 विषयों के कुल 624 पदों के लिए आयोजित इस परीक्षा में प्रदेशभर से 4 लाख 64 हजार 605 पंजीकृत अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दोनों दिन दो-दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
योगी सरकार की पारदर्शी और नकलविहीन परीक्षा व्यवस्था के तहत आयोग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि 17 जनपदों में बनाए गए 319 परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर ली गई है और सभी केंद्र पूरी तरह तैयार हैं।
09 मई को प्रथम पाली में भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास और शिक्षाशास्त्र समेत 6 विषयों की परीक्षा होगी, जबकि दूसरी पाली में अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य और समाजशास्त्र समेत 4 विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
वहीं 10 मई को पहली पाली में नागरिक शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत और मनोविज्ञान की परीक्षा होगी, जबकि दूसरी पाली में रसायन विज्ञान, भूगोल, हिन्दी और कला विषय की परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।
