Homeउत्तर प्रदेशयूपी रेरा ने 15 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को दी मंजूरी, 4826...

यूपी रेरा ने 15 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को दी मंजूरी, 4826 करोड़ का होगा निवेश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने प्रदेश के आठ जिलों में 15 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं में कुल 4826.31 करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है। इनके जरिए प्रदेश में 5303 आवासीय और व्यावसायिक इकाइयों का विकास किया जाएगा।

यूपी रेरा मुख्यालय में शुक्रवार को प्राधिकरण की 206वीं बैठक अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आवासीय, व्यावसायिक और मिश्रित श्रेणी की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में आवास और आधुनिक व्यावसायिक सुविधाओं की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

गौतमबुद्ध नगर में सबसे ज्यादा निवेश

निवेश और विकसित होने वाली इकाइयों की संख्या के लिहाज से गौतमबुद्ध नगर सबसे आगे रहा। जिले में तीन परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इनमें 3275.70 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश से 2565 इकाइयों का विकास किया जाएगा। इनमें एक आवासीय, एक व्यावसायिक और एक मिश्रित श्रेणी की परियोजना शामिल है।

लखनऊ में चार आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी

निवेश और कुल इकाइयों के मामले में लखनऊ दूसरे स्थान पर रहा। यहां 562.96 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश वाली चार आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं में फ्लैट, विला और प्लॉट स्पेस समेत कुल 1276 इकाइयों का विकास किया जाएगा।

वहीं, गाजियाबाद में 557.40 करोड़ रुपये की दो आवासीय और एक व्यावसायिक परियोजना के तहत 636 इकाइयों का विकास होगा। वाराणसी में 275.84 करोड़ रुपये की एक आवासीय परियोजना में 236 इकाइयां विकसित की जाएंगी।

इसी तरह प्रयागराज में 71.51 करोड़ रुपये की परियोजना से 180 आवासीय इकाइयां, अलीगढ़ में 18.63 करोड़ रुपये की परियोजना से 30 इकाइयां, बागपत में 38.69 करोड़ रुपये की परियोजना से 206 इकाइयां और बुलंदशहर में 25.58 करोड़ रुपये की परियोजना से 174 आवासीय इकाइयों का विकास किया जाएगा।

रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद

यूपी रेरा के मुताबिक, इन परियोजनाओं में होने वाले 4826.31 करोड़ रुपये के निवेश से प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। निर्माण कार्यों से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही निर्माण सामग्री, इंजीनियरिंग सेवाओं, परिवहन और लॉजिस्टिक्स समेत अन्य संबंधित क्षेत्रों में भी मांग बढ़ सकती है।

यूपी रेरा अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने कहा कि प्राधिकरण रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शी, प्रभावी और जवाबदेह नियामक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहा है। समयबद्ध परियोजना मंजूरी और प्रभावी निगरानी से प्रमोटर और घर खरीदारों, दोनों के लिए बेहतर और भरोसेमंद माहौल तैयार हो रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular