Homeउत्तर प्रदेशपूर्व ARTO ललित कुमार के घर विजिलेंस का बड़ा छापा, ₹1.62 करोड़...

पूर्व ARTO ललित कुमार के घर विजिलेंस का बड़ा छापा, ₹1.62 करोड़ नकद, 13 किलो सोना और करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज बरामद

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस एस्टेब्लिशमेंट) की लखनऊ सेक्टर टीम ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में परिवहन विभाग के पूर्व सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर बड़ी कार्रवाई की। अदालत से तलाशी वारंट मिलने के बाद दो दिनों तक चली छापेमारी में जांच टीम ने भारी मात्रा में नकदी, सोना-चांदी, निवेश से जुड़े दस्तावेज और कई चल-अचल संपत्तियों के रिकॉर्ड बरामद किए हैं।

विजिलेंस के मुताबिक, घर के अलग-अलग हिस्सों से पैकेटों में छिपाकर रखी गई करीब 1.62 करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई। पूरी राशि को जब्त कर केस डायरी में शामिल किया गया है। अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम का स्रोत क्या है।

छापेमारी के दौरान करीब 13 किलोग्राम सोना और 9 किलोग्राम चांदी भी मिली है। बरामद सामान में सोने की सलाखें, ईंटें, आभूषण तथा चांदी के बिस्कुट और अन्य कीमती वस्तुएं शामिल हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इनकी कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई है, हालांकि अंतिम मूल्यांकन विशेषज्ञों की रिपोर्ट के बाद ही तय होगा।

जांच में लखनऊ, बाराबंकी और रायबरेली में कृषि भूमि, लखनऊ में कई मकानों और प्लॉट तथा नोएडा स्थित फ्लैटों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। इन अचल संपत्तियों का अनुमानित मूल्य लगभग 13 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इसके अलावा एक टोयोटा इनोवा, एक हुंडई i20 कार और एक लाइसेंसी रिवॉल्वर भी बरामद हुई है, जिनकी जांच की जा रही है।

विजिलेंस टीम को बैंक खातों, डाकघर योजनाओं, फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और म्यूचुअल फंड में एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। अब जांच एजेंसियां इन निवेशों के स्रोत, बैंक लेन-देन, आयकर रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय दस्तावेजों का मिलान कर रही हैं।

विजिलेंस के अनुसार, ललित कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज है। जांच में उनकी घोषित आय और बरामद संपत्तियों के बीच अंतर का आकलन किया जा रहा है। एजेंसी का कहना है कि सभी संपत्तियों का कानूनी सत्यापन जारी है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

सूत्रों के अनुसार, ललित कुमार परिवहन विभाग में विभिन्न जिलों में तैनात रह चुके हैं। कानपुर और बाद में आगरा में तैनाती के दौरान भी उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति जुटाने के आरोपों की जांच शुरू हुई थी।

इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता मानते हुए उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान ने पूरी टीम की सराहना की है। पुलिस महानिदेशक (DGP) एवं सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक ने कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली टीम के लिए एक लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular