Homeउत्तर प्रदेशUP Weather: यूपी में बारिश का कहर, कई मकान गिरे; 12 जिलों...

UP Weather: यूपी में बारिश का कहर, कई मकान गिरे; 12 जिलों में रेड अलर्ट, अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी

उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में पिछले दो दिनों से बारिश का दौर जारी है। भीषण गर्मी और उमस से परेशान नोएडा, गाजियाबाद समेत पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में बारिश से लोगों को राहत मिली है। हालांकि, कई जगह यही बारिश आफत बनकर भी सामने आई है। भारी बारिश के कारण कई मकानों के गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जबकि जगह-जगह पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश में अगले 48 घंटे के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

बारिश से कई जगह नुकसान

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को शाहजहांपुर के टाह खुर्द कलां गांव में बारिश के चलते तीन मकान ढह गए। हादसों में एक महिला के घायल होने की सूचना है। वहीं, मुजफ्फरनगर में एक कच्चा मकान गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई।

प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बन गई है। कई जगह स्कूल परिसरों में भी पानी भर गया, जिसके चलते स्थानीय प्रशासन को स्कूलों में अवकाश घोषित करना पड़ा।

12 जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने अत्यधिक भारी बारिश की आशंका को देखते हुए प्रदेश के 12 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 31 जिलों में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट और 25 जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में बारिश हो सकती है। इस दौरान कई जिलों में तेज हवाओं, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाओं का खतरा बना रहेगा।

इन जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना

लखनऊ मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कासगंज, एटा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में अतिवृष्टि को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

वहीं, बांदा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा

मौसम विभाग ने चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, जौनपुर, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर नगर और उन्नाव में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।

इसके अलावा लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और ललितपुर में भी बिजली गिरने का खतरा बताया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और आंधी-तूफान के समय खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular