लखनऊ, 13 नवंबर। त्योहारों के दौरान बढ़ती भीड़ और सर्दियों में निराश्रित गोवंश की सुरक्षा को लेकर योगी सरकार ने विशेष कार्ययोजना तैयार की है।
इसके तहत प्रदेशभर में गो-आश्रय स्थलों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। साथ ही सड़कों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर घूमने वाले निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय स्थलों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
सरकार की ओर से जारी निर्देशों में राष्ट्रीय और राजकीय राजमार्गों के अलावा बाजारों, हाटों और मंडियों के आसपास विशेष पेट्रोलिंग कराने पर जोर दिया गया है।
त्योहारों के दौरान यातायात और लोगों की आवाजाही बढ़ने के कारण सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए निराश्रित गोवंश की मौजूदगी रोकने के लिए विशेष निगरानी की जाएगी
नगर निकायों को दिए गए सतर्कता के निर्देश
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर आयुक्तों और नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में निराश्रित गोवंश की स्थिति पर नजर रखने, पेट्रोलिंग कराने और सड़कों पर मिलने वाले गोवंश को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
7700 से अधिक गो-आश्रय स्थलों में संरक्षित हैं 16 लाख गोवंश
प्रदेश सरकार के अनुसार, राज्य में 7700 से अधिक गो-आश्रय स्थलों के माध्यम से 16 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश को संरक्षण दिया गया है। सरकार का जोर केवल आश्रय उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि गोवंश की देखभाल, नस्ल सुधार और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर भी है।
नंदिनी कृषक समृद्धि योजना से डेयरी को बढ़ावा
पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि प्रदेश में पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में नए उद्यमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। इससे पशुपालकों को डेयरी व्यवसाय शुरू करने और उसका विस्तार करने में मदद मिल रही है।
नस्ल सुधार और गो आधारित उत्पादों पर भी जोर
पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम ने बताया कि प्रदेश में गोवंश संरक्षण को व्यापक और टिकाऊ व्यवस्था के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए गो-आश्रय स्थलों, पशु चिकित्सा सेवाओं, नस्ल सुधार, दुग्ध उत्पादन, डेयरी निवेश और गो आधारित उत्पादों को एक साथ जोड़कर काम किया जा रहा है।
सरकार का लक्ष्य त्योहारों और शीत ऋतु के दौरान गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ सड़कों पर उनकी मौजूदगी कम करना और पशुपालन क्षेत्र को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।
