Lucknow से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यूपीएससी की तैयारी कर रही एक छात्रा ने आरोप लगाया है कि इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद एक युवक ने पहले उसकी निजी तस्वीरें हासिल कर उसे ब्लैकमेल किया और बाद में फ्लैट में घुसकर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी अमित कुमार, Agra के गड़सान इलाके का रहने वाला है और हैंडीक्राफ्ट का काम करता है। पुलिस जांच में सामने आया कि करीब चार साल पहले उसकी पहचान छात्रा से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। दोस्ती बढ़ने के बाद आरोपी ने युवती को भरोसे में लेकर उसकी कुछ निजी तस्वीरें हासिल कर लीं। इसके बाद वह तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर छात्रा को ब्लैकमेल करने लगा। आरोप है कि आरोपी अब तक पीड़िता से करीब 35 हजार रुपये भी वसूल चुका था।
पीड़िता के अनुसार 21 अप्रैल 2026 को आरोपी उसके लखनऊ स्थित फ्लैट पर पहुंचा। वहां उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर छात्रा को पिला दिया। ड्रिंक पीने के बाद युवती की हालत बिगड़ गई और वह अर्धमूर्छित हो गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद डरी-सहमी छात्रा ने 22 अप्रैल की रात करीब दो बजे अपने पिता को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। बेटी की आपबीती सुनने के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। मामले में Lucknow Police ने कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया और आरोपी अमित कुमार को आगरा से गिरफ्तार कर लिया।
हुसैनगंज थाने के एसएसआई सुनील कुमार मौर्य के मुताबिक आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपी ने अन्य युवतियों को भी इसी तरह अपना शिकार तो नहीं बनाया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
