उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने लेखपाल मुख्य परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक प्रचार पर सख्त रुख अपनाया है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि 21 मई 2026 को प्रदेश के 44 जनपदों में स्थित 861 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई थी। इसके बावजूद कुछ लोग सोशल मीडिया पर परीक्षा की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर अभ्यर्थियों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि आयोग भर्ती प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह, भ्रामक जानकारी या अपुष्ट दावों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
साथ ही चेतावनी दी गई है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, अभ्यर्थियों को भड़काने या भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि सरकार लगातार भर्ती परीक्षाओं को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए तकनीकी निगरानी और कड़े सुरक्षा प्रबंध लागू कर रही है।
