Homeउत्तर प्रदेशAI निगरानी में शांतिपूर्वक संपन्न हुई यूपीटीईटी-2026 के पहले दिन की परीक्षा,...

AI निगरानी में शांतिपूर्वक संपन्न हुई यूपीटीईटी-2026 के पहले दिन की परीक्षा, 15 फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) के तीन दिवसीय आयोजन के पहले दिन गुरुवार को प्रदेश के 60 जिलों के 955 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें कुल 6,84,614 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान 15 फर्जी परीक्षार्थियों को दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ा गया।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि परीक्षा की निगरानी आयोग के एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड रूम से की गई। आयोग के अध्यक्ष, सदस्य, सचिव, परीक्षा नियंत्रक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी पूरे समय परीक्षा केंद्रों पर एआई आधारित कैमरों के जरिए नजर बनाए रहे।

उन्होंने बताया कि एआई तकनीक से संदिग्ध गतिविधियों की पहचान की गई, जिसके बाद प्रथम पाली में 7 और द्वितीय पाली में 8 फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़ा गया। सभी आरोपियों को कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। इसके अलावा सभी केंद्रों पर परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

आंकड़ों के अनुसार पहले दिन दोनों पालियों में कुल 8,07,636 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 84.76 प्रतिशत यानी 6,84,614 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 84.69 प्रतिशत जबकि पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति 84.86 प्रतिशत दर्ज की गई।

आयोग ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के सहयोग की भी सराहना की।

डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि यूपीटीईटी-2026 की परीक्षा 3 जुलाई को दो पालियों तथा 4 जुलाई को एक पाली में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी परीक्षाओं में भी एआई निगरानी, सुरक्षा और पारदर्शिता के सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।

आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और परीक्षा से संबंधित सभी जानकारी केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से ही प्राप्त करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular