Homeउत्तर प्रदेशUPTET-2026: परीक्षा की शुचिता सर्वोपरि, अभ्यर्थियों को सुरक्षित और तनावमुक्त माहौल देने...

UPTET-2026: परीक्षा की शुचिता सर्वोपरि, अभ्यर्थियों को सुरक्षित और तनावमुक्त माहौल देने के निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 (UPTET) की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि UPTET प्रदेश के लाखों युवाओं की आकांक्षाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण परीक्षा है। इसकी निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा का सफल संचालन केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य के प्रति सरकार की जवाबदेही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक अभ्यर्थी को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और तनावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी अभ्यर्थी को आवागमन, ठहरने, सुरक्षा या अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में मुख्यमंत्री ने सेवारत शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को कार्यरत शिक्षकों के लिए अलग से शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें पात्रता सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त अवसर मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा में बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। ऐसे में रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख यातायात केंद्रों पर सहायता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, रेलवे और स्थानीय परिवहन संचालकों के साथ समन्वय कर अतिरिक्त परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, छायादार प्रतीक्षास्थल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, अग्निशमन व्यवस्था और आकस्मिक चिकित्सा सुविधा अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा। मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए स्वच्छ छवि वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती, गोपनीय सामग्री की सुरक्षित व्यवस्था और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि UPTET-2026 का आयोजन प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा में कुल 19,94,661 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनमें 17,67,180 उत्तर प्रदेश के और 2,27,481 अन्य राज्यों के अभ्यर्थी हैं।

परीक्षा में 1,85,791 सेवारत शिक्षक और 18,08,870 नए अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्राथमिक स्तर के लिए 3,88,179, उच्च प्राथमिक स्तर के लिए 8,16,436 और दोनों स्तरों के लिए 3,95,023 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।

वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर नगर, मेरठ, मऊ, मुरादाबाद, आगरा और जौनपुर में बड़ी संख्या में परीक्षा केंद्र और अभ्यर्थियों को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular