सोशल मीडिया पर मशहूर बाल संत अभिनव अरोड़ा को हाल ही में जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने स्टेज पर फटकार लगा दी थी. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. अभिनव और उनके परिजन को खूब ट्रोलिंग भी झेलनी पड़ रही है. इस बीच, अभिनव अरोड़ा के घरवाले आज मथुरा कोर्ट पहुंचे हैं.
अभिनव अरोड़ा के घरवालों के मुताबिक, 7 यूट्यूबरों ने अपने चैनल पर अभिनव अरोड़ा की भक्ति पर सवाल उठाए हैं और आपत्तिजनक बातें कही हैं. इसको लेकर अभिनव के पिता तरुण अरोड़ा ने 19 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत भी की थी. उनकी मानें तो शिकायत के बावजूद मथुरा पुलिस की ओर से कोई सुनवाई नहीं हुई. पुलिस के अधिकारी अनदेखी करते रहे. मजबूरन कोर्ट का शरण लेना पड़ रहा है. अभिनव अरोड़ा के पैरेटेंस एसीजीएम 1 की अदालत में आज एप्लिकेशन लगाएंगे.
अभिनव के पिता के मुताबिक, उन्हें और उनके बेटे को बदनाम किया जा रहा है. उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं. पूरी साजिश के तहत सोशल मीडिया पर एजेंडा चलाया जा रहा है. बेटे की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है.
हाल ही में सोशल मीडिया पर अभिनव अरोड़ा का एक वीडियो वायरल हुआ था. यह वीडियो एक कार्यक्रम का है. वीडियो में जगद्गुरु रामभद्राचार्य अभिनव को डांट लगाते हुए दिखते हैं. वीडियो में दिख रहा है कि अभिनव स्टेज पर खड़े हैं और ताली बजाकर झूम रहे हैं. इसी बीच, रामभद्राचार्य कहते हैं कि इन्हें नीचे उतारिए, मेरी मर्यादा है.
अभिनव अरोड़ा के वकील की मानें तो यूट्यूबर जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसके बारे में एक बार जांच करनी चाहिए थी. अभिनव के खिलाफ जो यूट्यूबर वीडियो बना रहे हैं, उनको चाहिए था कि अभिनव का पक्ष जान लें. एकतरफा एजेंडा फैलाया जा रहा है, जोकि बच्चे के छवि को खराब कर रहा है. बच्चा अभी पढ़ाई कर रहा है. उनके पिता का नाम तरुण अरोड़ा है. परिवार मथुरा के कृष्णा नगर में रहता है.
