Homeमनोरंजनयश ने फीस और फिल्मों के चयन पर खोले राज

यश ने फीस और फिल्मों के चयन पर खोले राज

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेई शुक्ला

साउथ सुपरस्टार यश आने वाले समय में दो बड़ी फिल्मों में नजर आने वाले हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ 2026 की दिवाली पर रिलीज होने वाली है, जबकि ‘टॉक्सिक’ अप्रैल 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी। दोनों फिल्मों को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है। इसी बीच एक हालिया इंटरव्यू में यश ने अपनी अपकमिंग फिल्मों के साथ-साथ फिल्मों के चयन, काम करने के तरीके और फीस स्ट्रक्चर को लेकर भी खुलकर बात की।

‘स्क्रिप्ट पसंद नहीं आई तो लोगों को क्या दिखाऊंगा’

इंटरव्यू के दौरान यश से उनके करियर और फिल्मों को लेकर कई सवाल पूछे गए। उनसे यह भी पूछा गया कि क्या उन्होंने एक समय स्क्रिप्ट पसंद नहीं आने की वजह से करीब सात फिल्मों को ठुकरा दिया था।

इस पर यश ने कहा कि इसमें गुनाह क्या है। उन्होंने बताया कि उनके लिए किसी फिल्म को चुनने में सबसे जरूरी चीज उसकी कहानी और स्क्रिप्ट होती है। अगर उन्हें खुद फिल्म की कहानी और उसका टोन पसंद नहीं आएगा, तो वह दर्शकों को उसे कैसे दिखा पाएंगे।

यश ने कहा कि कम से कम उन्हें इस बात को लेकर ईमानदार रहना चाहिए कि वे क्या कर रहे हैं। फिल्म दर्शकों को पसंद आएगी या नहीं, यह अलग बात है, लेकिन कलाकार को अपने काम में पूरी जान लगानी चाहिए और उस पर भरोसा रखना चाहिए।

‘कुछ लोग सोचते थे कि पता नहीं क्या है स्क्रिप्ट मांग रहा’

यश ने बताया कि उनके करियर के दौरान कुछ लोग ऐसे भी रहे, जिन्हें उनका स्क्रिप्ट को लेकर ज्यादा सवाल करना पसंद नहीं आता था। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को लगता था कि वह आखिर स्क्रिप्ट क्यों मांग रहे हैं।

हालांकि, यश ने कहा कि अब उन्हें नहीं पता कि वे लोग कहां हैं। उनके मुताबिक, किसी भी फिल्म में काम करने से पहले कहानी को समझना और उससे जुड़ाव महसूस करना उनके लिए बेहद जरूरी है।

50 करोड़ की फीस पर क्या बोले यश?

इंटरव्यू में यश से उनकी फीस को लेकर भी सवाल किया गया। उनसे पूछा गया कि क्या वह एक फिल्म के लिए करीब 50 करोड़ रुपये फीस लेते हैं।

इस पर यश ने कहा कि उन्हें इससे ज्यादा चाहिए, लेकिन उनकी पेमेंट हमेशा फिल्म की वैल्यू के आधार पर तय होती है। उन्होंने कहा कि अगर कोई उन्हें ज्यादा भुगतान कर रहा है तो उसके पीछे फिल्म के लिए उनकी वैल्यू है।

यश ने अपने पेमेंट स्ट्रक्चर को लेकर कहा कि उन्होंने कभी फिल्म शुरू होने से पहले सिर्फ अपनी फीस पर फोकस नहीं किया। वह खुद को सिर्फ एक एक्टर की तरह नहीं देखते, बल्कि प्रोड्यूसर की तरह सोचकर काम करते हैं।

फिल्म चलेगी तो कमाई में हिस्सा

यश ने बताया कि वह फिल्म की सफलता के बाद कमाई में हिस्सेदारी के मॉडल पर काम करना पसंद करते हैं। उनका मानना है कि फिल्म बनाने में सभी लोग मेहनत और पैसा लगाते हैं, इसलिए जोखिम भी साझा होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वह ऐसा नहीं चाहते कि फिल्म रिलीज से पहले पूरी फीस ले लें और अगर फिल्म फ्लॉप हो जाए तो उन्हें कोई फर्क न पड़े। उनके मुताबिक, फिल्म से पैसा बनने के बाद ही वह अपनी पेमेंट लेते हैं।

यश ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका यह तरीका सिर्फ ‘KGF’ के बाद नहीं बना, बल्कि उससे पहले भी वह पार्टनरशिप मॉडल में काम करते रहे हैं।

‘रामायण’ और ‘टॉक्सिक’ से बड़ी उम्मीदें

यश की आने वाली दोनों फिल्मों को लेकर पहले से ही काफी चर्चा है। ‘रामायण’ में वह एक बड़े किरदार में नजर आएंगे, जबकि ‘टॉक्सिक’ भी उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल है।

एक तरफ यश की फिल्मों का चयन और काम करने का तरीका उन्हें दूसरे सितारों से अलग बनाता है, वहीं दूसरी तरफ उनकी फीस और प्रॉफिट-शेयरिंग का मॉडल भी चर्चा में रहता है। इंटरव्यू में यश ने साफ कर दिया कि उनके लिए सिर्फ बड़ी फीस नहीं, बल्कि फिल्म की वैल्यू और उसकी सफलता ज्यादा मायने रखती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular