रिपोर्ट: गोविंद कश्यप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को देवरिया के सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र के मझौलीराज स्थित बड़वा टोला में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। मंच पर पहुंचते ही जनप्रतिनिधियों और वहां मौजूद भारी भीड़ ने उनका भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री यहां जनसभा को संबोधित करने के साथ ही भाटपाररानी और सलेमपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 304.97 करोड़ रुपये की 80 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर रहे हैं।
कार्यक्रम के मंच पर जिले के प्रभारी मंत्री एवं परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, सदर विधायक डॉ. शलभमणि त्रिपाठी, विधायक सुरेंद्र चौरसिया, विधायक सभा कुशवाहा, पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं प्रशासक पंडित गिरीश चंद्र त्रिपाठी और भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद हैं।
80 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम के दौरान कुल 80 विकास परियोजनाओं की सौगात दे रहे हैं। इनमें 139.47 करोड़ रुपये की लागत वाली 23 परियोजनाओं का लोकार्पण और 165.50 करोड़ रुपये की 57 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
इन परियोजनाओं के जरिए भाटपाररानी और सलेमपुर विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने की तैयारी है। कार्यक्रम को लेकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद हैं।
