रिपोर्ट – दीपक अवस्थी
अजीतमल, औरैया। विकासखंड अजीतमल में चल रहे पांच दिवसीय ‘सेवा सेतु अभियान’ के चौथे दिन मंगलवार को बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों के आवेदन, पंजीकरण और सत्यापन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। साथ ही स्वास्थ्य मेले के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं भी दी गईं।
अभियान का उद्देश्य पात्र लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादित करना है। शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराते हुए पात्र लोगों के आवेदन और पंजीकरण कराए जा रहे हैं।

इसके अलावा मतदाता शिविर, दिव्यांग कल्याण शिविर समेत अन्य विभागों से जुड़ी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र नारायण द्विवेदी के निर्देशन में नए पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिविर में पहुंचने वाले सभी पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
बच्चों को बांटे फोल्डर, प्रमाणपत्र और उपहार
अभियान के चौथे दिन सीडीपीओ अजीतमल छाया देवी ने प्रत्येक गांव से एक-एक बच्चे को चिन्हित कर उन्हें ‘विकसित भारत के कप्तान’ लिखा फोल्डर, विद्यारंभ प्रमाणपत्र और गिफ्ट वितरित किए। इस दौरान बच्चों का माल्यार्पण कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। प्रमाणपत्र और उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

सेवा सेतु अभियान के माध्यम से बीबीजी रामजी, मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), विभिन्न पेंशन योजनाओं, महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, रसद विभाग, एमएसएमई सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सरल और सुगम तरीके से पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र नारायण द्विवेदी, एडीओ पंचायत सर्वेश द्विवेदी, सीडीपीओ छाया देवी, एडीओ आईएसबी सुनील कुमार, भाजपा नेता बंटू त्रिपाठी, अनामिका सहित सभी सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, ब्लॉक स्टाफ एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
