लखनऊ में विधानसभा के सामने सोमवार को हरदोई के संडीला क्षेत्र की एक युवती अपनी मां के साथ आत्महत्या करने पहुंच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों को समय रहते रोक लिया और हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
युवती का आरोप है कि उसके चाचा ने घर में घुसकर चोरी की और परिवार के साथ मारपीट की। उसने इस मामले की शिकायत संडीला थाने में की थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई मुकदमा दर्ज नहीं किए जाने से वह परेशान थी।
युवती के मुताबिक, घटना 11 जून की है। कार्रवाई न होने से निराश होकर वह अपनी मां के साथ न्याय की मांग लेकर लखनऊ पहुंची थी। विधानसभा के सामने आत्महत्या की कोशिश की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों को सुरक्षित रोक लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती के आरोपों की जांच कराई जा रही है। संडीला थाना पुलिस से भी पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद विधानसभा क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों महिलाओं को समझाया और सुरक्षित स्थान पर भेज दिया।
