Homeउत्तर प्रदेशजन्म से दो मलद्वार की समस्या, KGMU में 8 साल की बच्ची...

जन्म से दो मलद्वार की समस्या, KGMU में 8 साल की बच्ची की जटिल सर्जरी सफल

न्यूज़ डेस्क, लखनऊ

लखनऊ: अंबेडकरनगर की आठ वर्षीय बच्ची लंबे समय से एक बेहद दुर्लभ बीमारी से जूझ रही थी। जन्म के समय से ही उसके दो मलद्वार थे। सामान्य मलद्वार के अलावा बच्चेदानी के रास्ते के नीचे बने एक अतिरिक्त छेद से भी मल निकल रहा था। इस असामान्य स्थिति के चलते परिवार काफी परेशान था।

आखिरकार बच्ची को इलाज के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसकी बीमारी की पहचान की और जटिल सर्जरी कर उसे इस समस्या से निजात दिलाई।

अंबेडकरनगर निवासी बच्ची दिव्या के पिता ओम नारायण उसे KGMU की पीडियाट्रिक सर्जरी ओपीडी में लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद बच्ची की स्थिति को गंभीरता से लिया। विस्तृत जांच में सामने आया कि बच्ची कोलोनिक डुप्लीकेशन नाम की दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है। चिकित्सा विज्ञान में इसे बड़ी आंत के दोहरा होने की स्थिति माना जाता है।

करीब तीन घंटे चली जटिल सर्जरी

पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ. जेडी रावत ने बताया कि डॉक्टरों की टीम ने बच्ची की करीब तीन घंटे तक जटिल सर्जरी की। ऑपरेशन के दौरान अतिरिक्त बड़ी आंत को सामान्य आंत से अलग किया गया। इसके बाद दोनों हिस्सों को इस तरह जोड़ा गया कि मल त्याग के लिए एक ही सामान्य रास्ता बनाया जा सके।

डॉ. आनंद पांडे ने बताया कि इस तरह के मामले बेहद कम देखने को मिलते हैं। जन्मजात इस बीमारी के कारण बच्ची को असामान्य रास्ते से भी मल निकलने की समस्या थी। सर्जरी के बाद अब यह समस्या दूर हो गई है।

50 हजार में एक मरीज में होती है बीमारी

डॉक्टरों के अनुसार कोलोनिक डुप्लीकेशन एक बेहद दुर्लभ जन्मजात बीमारी है। यह करीब 50 हजार मरीजों में से किसी एक में देखने को मिलती है। इस बीमारी में बड़ी आंत का अतिरिक्त हिस्सा विकसित हो जाता है, जिसके कारण शरीर में मल त्याग के रास्ते से जुड़ी असामान्य स्थिति पैदा हो सकती है।

ऑपरेशन के बाद बच्ची स्वस्थ

करीब तीन घंटे की सफल सर्जरी के बाद बच्ची की स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम के मुताबिक बच्ची स्वस्थ है और उसे इस दुर्लभ बीमारी से राहत मिल गई है। KGMU के डॉक्टरों की इस सफल सर्जरी से बच्ची और उसके परिवार को बड़ी राहत मिली है।

RELATED ARTICLES

Most Popular