रिपोर्ट- प्रिया बाजपेई शुक्ला
लखनऊ: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को लेकर बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि Gen Z और Gen Alpha की क्षमता और संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार जल्द नई यूथ पॉलिसी लेकर आएगी। इस नीति के जरिए युवाओं के स्किल, इनोवेशन और रोजगार को मजबूती देने पर फोकस किया जाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि बदलते दौर की जरूरतों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, रोबोटिक्स, साइबर और एग्रीटेक जैसे उभरते क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है। इन क्षेत्रों में निवेश बढ़ने से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार और करियर के नए अवसर तैयार होंगे।

युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को नौकरी के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दे रही है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत युवाओं को ब्याज और गारंटी मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी का युवा अब पलायन की समस्या से मुक्त हो चुका है और सरकार का संकल्प है कि हर युवा के हाथ में स्किल, इनोवेशन और रोजगार हो।

इंटीग्रेटेड अप्रोच के साथ आएगी यूथ पॉलिसी
सीएम योगी ने कहा कि युवाओं के लिए चलाए जा रहे प्रयासों को नई गति देने के लिए सरकार जल्द नई यूथ पॉलिसी लाएगी। इसमें युवाओं की क्षमता और संभावनाओं को पूरा करने के साथ उनके कौशल विकास, नवाचार और रोजगार को एकीकृत तरीके से मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
AI और नई तकनीक पर सरकार का फोकस
नई यूथ पॉलिसी में आधुनिक तकनीक और तेजी से उभरते क्षेत्रों को विशेष महत्व दिए जाने की बात कही गई है। AI, मशीन लर्निंग, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, रोबोटिक्स, साइबर और एग्रीटेक जैसे सेक्टर युवाओं के लिए रोजगार और नए करियर विकल्प तैयार करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
सरकार का फोकस तकनीकी कौशल से लैस युवाओं को प्रदेश में ही बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उत्तर प्रदेश को नई तकनीक तथा इनोवेशन के क्षेत्र में आगे ले जाने पर है।
