नई दिल्ली: रिपब्लिक डे के मौके पर रिलीज हुई सनी देओल की फिल्म ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार इतिहास रच रही है। वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी से सजी इस देशभक्ति से भरपूर वॉर ड्रामा ने रिलीज के साथ ही सिनेमाघरों में जबरदस्त माहौल बना दिया है। फिल्म की कमाई हर गुजरते दिन के साथ नई ऊंचाइयों को छू रही है।
ओपनिंग से ही दिखा दम
‘बॉर्डर 2’ ने पहले दिन 30 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग की। इसके बाद शनिवार को फिल्म की कमाई में तेजी आई और यह आंकड़ा 36.5 करोड़ तक पहुंच गया। रविवार को दर्शकों की भारी भीड़ के चलते फिल्म ने 54.5 करोड़ रुपये का जबरदस्त कलेक्शन किया। इस तरह सिर्फ तीन दिनों में फिल्म ने 121 करोड़ रुपये कमा लिए।
गणतंत्र दिवस की छुट्टी बनी गेमचेंजर
रिपब्लिक डे की छुट्टी का फायदा फिल्म को चौथे दिन भी साफ तौर पर मिला। Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार दोपहर तक फिल्म 13 करोड़ से ज्यादा कमा चुकी थी। शाम 5 बजे तक इसका चौथे दिन का कलेक्शन 31.54 करोड़ रुपये पहुंच गया, जिससे कुल कमाई 152.54 करोड़ रुपये हो गई।
एडवांस बुकिंग और ऑक्यूपेंसी ने बढ़ाया भरोसा
फिल्म की एडवांस बुकिंग ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि चौथा दिन भी मजबूत रहने वाला है। चौथे दिन के लिए फिल्म ने 27.05 करोड़ रुपये की ग्रॉस एडवांस बुकिंग दर्ज की थी। वहीं सुबह के शोज में 40.39% ऑक्यूपेंसी रिकॉर्ड की गई, जो अब तक की सबसे ज्यादा है।
200 करोड़ क्लब से बस एक कदम दूर
फिल्म को मिल रहे पॉजिटिव रिव्यू और देशभक्ति के जज्बे ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचा है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि मौजूदा रफ्तार को देखते हुए ‘बॉर्डर 2’ जल्द ही 200 करोड़ क्लब में एंट्री कर सकती है।
दमदार स्टारकास्ट और निर्देशन
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म 1997 की सुपरहिट ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है। फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, मोना सिंह, मेधा राणा और सोनम बाजवा अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
