टीवी और पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री सरगुन मेहता इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर अचानक उनके प्रेग्नेंट होने की खबरें वायरल होने लगीं। बिना किसी आधिकारिक पुष्टि के फैली इन अफवाहों ने फैंस के बीच हलचल मचा दी।
सरगुन और उनके पति रवि दुबे इंडस्ट्री के सबसे पॉपुलर और पसंदीदा कपल्स में गिने जाते हैं। ऐसे में जैसे ही उनकी प्रेग्नेंसी की चर्चा शुरू हुई, लोगों ने इसे सच मानना शुरू कर दिया। हालांकि इस बारे में कपल की ओर से कोई ऑफिशियल बयान नहीं आया था।
अफवाहों पर जताई नाराजगी
लगातार फैल रही खबरों से परेशान होकर सरगुन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने साफ कहा कि ये खबरें पूरी तरह बेबुनियाद हैं और बिना पुष्टि के इस तरह की बातें फैलाना गलत है।
उन्होंने लिखा कि मीडिया को लगता है पिछले दो सालों से उनकी प्रेग्नेंसी के बारे में उन्हें खुद से पहले पता है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “ये तो बहुत लंबी प्रेग्नेंसी हो गई। शांत हो जाइए और बेसलेस खबरें फैलाना बंद कीजिए।”
‘हमसे पूछ लेना इतना मुश्किल नहीं’
सरगुन ने आगे लिखा कि किसी खबर को छापने से पहले उनसे या उनकी टीम से पुष्टि कर लेना कोई बड़ी बात नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ये ‘बच्चे’ कहां हैं और वह कितनी जल्दी उन्हें जन्म दे रही हैं?
उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि क्या अब सैलून या कैफे जाना भी प्रेग्नेंसी का संकेत माना जाएगा? आखिर में उन्होंने लिखा, “रवि और मुझे तो इस प्रेग्नेंसी के बारे में पता भी नहीं है, इसलिए इतनी समझदारी दिखाने के लिए धन्यवाद।”
फैंस का मिला समर्थन
सरगुन के इस पोस्ट के बाद फैंस ने उनका समर्थन किया और निजी जिंदगी का सम्मान करने की अपील की। फिलहाल कपल अपने-अपने प्रोजेक्ट्स में व्यस्त है और किसी भी तरह की पारिवारिक घोषणा को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
