उत्तर प्रदेश में आगामी वैवाहिक सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन ने कैटरिंग व्यवसायियों को बड़ी राहत दी है। अपर जिलाधिकारी (खाद्य एवं आपूर्ति) ज्योति गौतम ने स्पष्ट किया कि शादी समारोहों के दौरान कमर्शियल गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
बुधवार, 8 अप्रैल को उत्तर प्रदेश आदर्श टेंट, कैटरिंग एवं डेकोरेशन व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल, उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में अपर जिलाधिकारी से मिला। प्रतिनिधियों ने बताया कि 15 अप्रैल से शुरू हो रहे शादी के सहालग के चलते गैस सिलेंडर की उपलब्धता बड़ी चुनौती बन सकती है।
इस पर अपर जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि कैटरिंग व्यवसायियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने बताया कि शादी कार्ड और ऑर्डर बुकिंग प्रपत्र प्रस्तुत करने पर जिला आपूर्ति कार्यालय या उनके कार्यालय से कमर्शियल गैस सिलेंडर प्राप्त किया जा सकेगा।
प्रशासन द्वारा संबंधित गैस एजेंसियों को मांग के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए जाएंगे, जिससे विवाह समारोहों में कोई बाधा न आए।
बैठक में व्यापार मंडल के चेयरमैन राघवेंद्र चौधरी, अध्यक्ष संतोष गुप्ता, उपाध्यक्ष मोहम्मद रिजवान, आयुष पांडे और संजीव सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
