Homeउत्तर प्रदेशसंबंध के दौरान विवाद, गुस्से में पति ने पत्नी की ले ली...

संबंध के दौरान विवाद, गुस्से में पति ने पत्नी की ले ली जान……

रामपुर (उत्तर प्रदेश): जिले के सिविल लाइन क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति ने कथित रूप से विवाद के बाद अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतका एक शिक्षिका थी और अपने पति व पांच वर्षीय बेटे के साथ शिव विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रहती थी। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह दूध देने पहुंचे व्यक्ति ने घर का दरवाजा खुला पाया। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उसने मकान मालिक को सूचना दी। अंदर जाकर देखा गया तो महिला मृत अवस्था में पड़ी थी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या की आशंका जताई गई है।

मृतका के परिजनों ने आरोपी पति पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था और आए दिन विवाद होता था।

मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में उसने घरेलू विवाद के दौरान गुस्से में आकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular