Homeउत्तर प्रदेशवाराणसी में ‘UGC का बाप’ लिखी बुलेट जब्त, बिना नंबर प्लेट खड़ी...

वाराणसी में ‘UGC का बाप’ लिखी बुलेट जब्त, बिना नंबर प्लेट खड़ी बाइक पर कार्रवाई

शहर के कैंट थाना क्षेत्र में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। प्रशासनिक इलाके में खड़ी एक बुलेट मोटरसाइकिल पर आपत्तिजनक वाक्य लिखा मिला, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया।

दरअसल, कचहरी गोलंबर और विकास भवन के सामने पुलिस नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल पर उनकी नजर पड़ी, जिस पर न तो नंबर प्लेट लगी थी और न ही कोई वैध पहचान थी। बाइक के पीछे बड़े अक्षरों में “UGC का बाप” लिखा हुआ था, जिसे देखकर पुलिसकर्मी भी चौंक गए।

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन बाइक के मालिक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद थाना कैंट प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर बाइक को मौके से उठाकर थाने ले जाया गया और सीज कर दिया गया।

जांच के दौरान पता चला कि यह बाइक कृतिभान मणि त्रिपाठी के नाम पर पंजीकृत है, जो नगर निगम में संविदा कर्मचारी बताए जा रहे हैं और चौबेपुर क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाना और इस तरह के भड़काऊ या आपत्तिजनक शब्द लिखवाना मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है। फिलहाल वाहन मालिक को थाने बुलाकर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और आगे की कार्रवाई नियमों के तहत की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular