Homeउत्तर प्रदेशBBAU में 4 दिवसीय आयोजन, 13 अप्रैल को कोविंद करेंगे संबोधित

BBAU में 4 दिवसीय आयोजन, 13 अप्रैल को कोविंद करेंगे संबोधित

लखनऊ। राजधानी स्थित बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (BBAU) में 11 से 14 अप्रैल 2026 तक ‘भारतरत्न बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर जयंती’ और ‘विश्वविद्यालय स्थापना दिवस’ के अवसर पर चार दिवसीय भव्य आयोजन किया जाएगा।

शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि यह आयोजन केवल औपचारिक न होकर विद्यार्थियों के समग्र विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें राष्ट्रीय संगोष्ठियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताएं शामिल होंगी।

इस अवसर पर भारत के पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद मुख्य अतिथि के रूप में 13 अप्रैल को विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे।

कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय ‘उद्यमिता आधारित समावेशी विकास’ के लक्ष्य पर काम कर रहा है, जो डॉ. भीमराव अंबेडकर के समतामूलक समाज के विचारों से प्रेरित है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन एआई’, स्किल आधारित शॉर्ट टर्म कोर्स, ओपन इलेक्टिव और सर्टिफिकेट कोर्स जैसे कई नवाचार शुरू किए गए हैं।

विश्वविद्यालय में इन्क्यूबेशन सेंटर, हॉबी क्लब और अन्य मंचों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर दिए जा रहे हैं। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य, भारतीय ज्ञान परंपरा और सतत विकास लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए युवाओं को सक्षम उद्यमी बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती पर ‘राष्ट्रीय शिक्षा ही समावेशी विकास का आधार’ विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित होगी। इसमें डॉ. संजय पासवान समेत कई शिक्षाविद शामिल होंगे।

12 अप्रैल को ‘समावेशी विकास, विकसित भारत का आधार: डॉ. अंबेडकर की दृष्टि में’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें शिक्षा और समाज के विभिन्न विशेषज्ञ भाग लेंगे।

13 अप्रैल को पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद छात्रों को संबोधित करेंगे। इस दौरान उत्कृष्ट उद्यमियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती और स्थापना दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होगा, जिसमें राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।

चार दिवसीय आयोजन के दौरान छात्रों के लिए एक्सटेम्पोर, स्लोगन, पोस्टर, वाद-विवाद, रंगोली और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

यह आयोजन शिक्षा, संस्कृति और नवाचार का समन्वय प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा देने का प्रयास करेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular