मुंबई। साल 2026 की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल भूत बंगला को लेकर दर्शकों के बीच अभी से जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
हाल ही में रिलीज़ हुए फिल्म के ट्रेलर ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया, जिसके बाद फिल्म का क्रेज़ और भी बढ़ गया है। इसी उत्साह के बीच फिल्म की स्टार कास्ट—अक्षय कुमार, वामीका गब्बी और राजपाल यादव—प्रमोशन के सिलसिले में दिल्ली पहुंची, जहां उन्हें देखने के लिए फैंस का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा।
प्रमोशन इवेंट के दौरान वेन्यू पर इतनी भीड़ जमा हो गई कि वहां पैर रखने तक की जगह नहीं बची। जैसे ही कलाकारों ने फैंस के साथ बातचीत की और डांस किया, पूरा माहौल उत्साह से भर गया। चारों तरफ से आती तालियों और सीटियों की गूंज ने इस इवेंट को किसी बड़े जश्न में बदल दिया। दिल्ली में मिला यह शानदार रिस्पॉन्स साफ दर्शाता है कि दर्शक इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
फिल्म भूत बंगला की सबसे खास बात यह है कि इसमें करीब 14 साल बाद अक्षय कुमार और मशहूर निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी एक बार फिर साथ नजर आने वाली है। इससे पहले यह जोड़ी कई हिट और कल्ट कॉमेडी फिल्मों के जरिए दर्शकों का दिल जीत चुकी है। ऐसे में दर्शकों को उम्मीद है कि यह फिल्म भी पुराने दौर की हॉरर-कॉमेडी का वही जादू दोबारा पर्दे पर पेश करेगी।
बालाजी मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म को Balaji Telefilms Limited की डिवीजन ने केप ऑफ गुड फिल्म्स के साथ मिलकर प्रस्तुत किया है। फिल्म में अक्षय कुमार, वामीका गब्बी, परेश रावल, तब्बू और राजपाल यादव मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण अक्षय कुमार, शोभा कपूर और एकता कपूर ने किया है।
भूत बंगला’ के पेड प्रीव्यू 16 अप्रैल को रात 9 बजे से सिनेमाघरों में शुरू होंगे।
