9
राजधानी स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में कथित चिकित्सा लापरवाही का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। 3 अप्रैल 2026 को आयुष्मान कार्ड धारक 57 वर्षीय गीता कश्यप की आंख की जांच और मोतियाबिंद ऑपरेशन से जुड़े विवाद में अब बड़ा अपडेट सामने आया है।
जांच प्रक्रिया के तहत केजीएमयू की गठित कमेटी ने पीड़िता के पति का लिखित बयान दर्ज कर लिया है। इस बयान में नेत्र विभाग के प्रोफेसर एस.के. गुप्ता और उनकी टीम पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि महिला की आंख की गलत जांच की गई, जिसके बाद अनावश्यक रूप से मोतियाबिंद ऑपरेशन की सलाह दी गई। इतना ही नहीं, ऑपरेशन के लिए लेंस और दवाएं बाहर से मंगवाने को कहा गया, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा। यह भी आरोप है कि इस प्रक्रिया में निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया गया।
मामले के सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने जांच कमेटी गठित कर दी थी, जो अब सभी पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
फिलहाल, इस पूरे मामले पर सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे यह साफ हो सकेगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होगी।
