राजधानी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अस्पताल के पुरुष और महिला मेडिकल वार्ड की छत पर लगे 25 एसी के कॉपर पाइप चोरी हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही हजरतगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद अस्पताल परिसर में अन्य उपकरणों को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि 7 अप्रैल को विभागीय इलेक्ट्रीशियन ने पुरानी बिल्डिंग की छत पर एसी के आउटडोर यूनिट से जुड़े कॉपर पाइप गायब देखे, जिसके बाद अधिकारियों को सूचना दी गई। जांच में पता चला कि सभी 25 एसी के पाइप चोरी हो चुके हैं।
अस्पताल प्रशासन ने इस मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी है। वहीं, शहर में एक अन्य घटना में महानगर स्थित पीएनबी बैंक शाखा को भी चोरों ने निशाना बनाया, जहां से एसी के कॉपर पाइप और सीलिंग फैन चोरी कर लिए गए।
अस्पताल प्रबंधन का बयान:
सिविल अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि पूरे मामले की जांच पुलिस कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद है।
