रिपोर्टर: रामजी व्यास | जालौन
जालौन में पुलिस और अंतरराज्यीय बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई, जिसमें दोनों ओर से एक दर्जन से ज्यादा राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन कुख्यात अपराधियों के पैर में गोली लगी, जिन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, बदमाशों के पास से तीन अवैध असलाहे, दो .315 बोर के तमंचे और आजमगढ़ मेडिकल कॉलेज से चोरी हुई लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद की गई है। इसके अलावा 21 जिंदा कारतूस और करीब 61 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
मुठभेड़ के दौरान उरई कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार सिंह बाल-बाल बच गए। बदमाशों की ओर से चलाई गई गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। यह मुठभेड़ उरई स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज के पीछे इलाके में हुई बताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और उनसे पूछताछ के आधार पर अन्य अपराधों के खुलासे की भी संभावना है।
