रिपोर्ट – अचल प्रताप सिंह
बरेली के थाना इज्जतनगर क्षेत्र में खुद को ‘सिपाही’ बताकर धौंस जमाने वाला एक शातिर जालसाज आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। आरोपी हसन खान फर्जी पुलिस वर्दी पहनकर इलाके में लोगों पर रौब झाड़ता था और पुलिस से नजदीकियां बनाकर अपनी पहचान मजबूत करता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हसन खान कंजादास गांव का रहने वाला है और बैरियर-1 चौकी क्षेत्र में अक्सर पुलिसकर्मियों के बीच देखा जाता था। उसकी पुलिस से नजदीकी इतनी थी कि लोग उसे असली सिपाही समझने लगे थे। वह कई बार खुद को एसओजी का सदस्य बताकर लोगों को गुमराह करता था।
शादी समारोह में अभद्रता बनी गिरफ्तारी की वजह
रविवार रात एक शादी समारोह में आरोपी ने मर्यादा की हद पार कर दी। डांस कर रहीं महिलाओं पर उसने अभद्र टिप्पणियां कीं और खुद ही इसका वीडियो बनाकर रिकॉर्ड करता रहा। वायरल वीडियो में वह एक दरोगा के सामने भी बेफिक्र नजर आया, जिससे उसके हौसले का अंदाजा लगाया जा सकता है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। हिंदू संगठनों ने कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई, जिसके बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया।
पुलिस की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने तुरंत सख्त निर्देश जारी किए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हसन खान को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ थर्ड पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी फर्जी वर्दी पहनकर खुद को सिपाही बताता था। उसके खिलाफ महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने और धोखाधड़ी से जुड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
