संजय दत्त एक बार फिर अपने आइकॉनिक खलनायक अवतार में लौट आए हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म खलनायक रिटर्न्स का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। खास बात यह है कि करीब 33 साल बाद संजय दत्त फिर से ‘बल्लू’ के किरदार में नजर आने वाले हैं, जो पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक और निर्दयी दिख रहा है।
टीजर में चारों तरफ आग, खून और तबाही का माहौल दिखाया गया है। बेड़ियों में जकड़ा बल्लू, खून से सना चेहरा और कालिख से भरा लुक—संजय दत्त का यह अवतार फैंस को रोमांचित कर रहा है। एक सीन में वह घायल शख्स के सामने बैठकर सिगार जलाते हैं और अपने पुराने डायलॉग स्टाइल में कहते हैं—“बोला था ना… 10 अक्टूबर रात को 10 बजे, बल्लू जेल से फुर्र…”। इसके बाद बैकग्राउंड में उनका सुपरहिट गाना “नायक नहीं खलनायक हूं मैं” सुनाई देता है।
फैंस का जबरदस्त रिएक्शन
टीजर सामने आते ही फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर यूजर्स इस फिल्म को संजय दत्त के करियर का बड़ा कमबैक बता रहे हैं।
कई फैंस ने कमेंट करते हुए फिल्म को आदित्य धर से डायरेक्ट करवाने की मांग की है। कुछ यूजर्स का कहना है कि ‘धुरंधर’ यूनिवर्स को आगे बढ़ाने के लिए यह फिल्म अहम कड़ी साबित हो सकती है।
फिल्म और प्रोडक्शन डिटेल
‘खलनायक रिटर्न्स’ को जियो स्टूडियोज प्रोड्यूस कर रहा है, जिसने पहले भी संजय दत्त की ‘धुरंधर’ सीरीज को सपोर्ट किया था।
हालांकि, फिल्म की पूरी स्टारकास्ट को लेकर अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
1993 की ‘खलनायक’ का सीक्वल
यह फिल्म 1993 में आई सुपरहिट फिल्म खलनायक का सीक्वल है, जिसे सुभाष घई ने डायरेक्ट किया था।
इस फिल्म में संजय दत्त के साथ माधुरी दीक्षित, जैकी श्रॉफ और अनुपम खेर अहम भूमिकाओं में थे।
कहानी में जैकी श्रॉफ और माधुरी दीक्षित पुलिस अधिकारी के रोल में थे, जो ‘बल्लू’ नाम के अपराधी को पकड़ने के मिशन पर निकलते हैं। फिल्म के गाने, खासकर “नायक नहीं खलनायक हूं मैं”, आज भी बेहद लोकप्रिय हैं।
बॉक्स ऑफिस और विरासत
‘खलनायक’ अपने समय की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक थी और 1993 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी थी। इसके गाने और किरदार आज भी दर्शकों के बीच याद किए जाते हैं।
