Homeउत्तर प्रदेशयूपी पुलिस में इस वर्ष 1 लाख नई भर्तियां होंगी: मुख्यमंत्री योगी...

यूपी पुलिस में इस वर्ष 1 लाख नई भर्तियां होंगी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ..

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने युवाओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि इस वर्ष यूपी पुलिस में लगभग एक लाख नई भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा पूरी क्षमता और उत्साह के साथ पुलिस बल का हिस्सा बनना चाहता है और सरकार उन्हें निष्पक्ष अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।

मंगलवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस दूरसंचार विभाग में चयनित 936 प्रधान परिचालकों (यांत्रिक सहित) को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने मंच से 10 अभ्यर्थियों को स्वयं नियुक्ति पत्र सौंपे।

मुख्यमंत्री ने नवचयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जब भर्ती प्रक्रिया ईमानदारी से पूरी हुई है, तो अब सभी का दायित्व है कि वे साफ नीयत, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ सेवा करें। उन्होंने कहा कि हर नागरिक का कर्तव्य राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना है।

सीएम योगी ने पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 9 वर्ष पहले भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और भेदभाव आम था, लेकिन अब पूरी प्रक्रिया पारदर्शी हो चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब किसी को सिफारिश या पैसे की जरूरत नहीं, बल्कि योग्यता और आरक्षण नियमों के आधार पर चयन होता है।

उन्होंने बताया कि पिछले 9 वर्षों में 2.20 लाख से अधिक पुलिस कर्मियों की भर्ती की जा चुकी है। हाल ही में प्रदेश के 112 केंद्रों पर 60 हजार आरक्षियों की पासिंग आउट परेड भी आयोजित की गई, जो अब फील्ड में तैनात किए जा रहे हैं।

सीएम ने यह भी कहा कि पहले प्रशिक्षण की सीमित व्यवस्था थी, लेकिन अब एक साथ 60 हजार से अधिक जवानों को ट्रेनिंग देने की क्षमता विकसित कर ली गई है। यह सरकार की स्पष्ट नीति और मजबूत इच्छाशक्ति का परिणाम है।

खेल क्षेत्र में भी यूपी पुलिस की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ने 500 से अधिक खिलाड़ियों को पुलिस में शामिल किया, जिससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूपी पुलिस का प्रदर्शन बेहतर हुआ है।

उन्होंने अंत में कहा कि यूपी पुलिस न सिर्फ कानून-व्यवस्था संभाल रही है, बल्कि प्रदेश और देश की आर्थिक प्रगति में भी अप्रत्यक्ष योगदान दे रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular